|
|
चीताखेड़ा। गांव में शनिवार रात अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदातों को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैला दी। बदमाशों ने अलग-अलग दो मकानों के ताले चटकाकर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने सबसे पहले डॉक्टर सुरेंद्र-चांदमल मांगरिया के मकान को निशाना बनाया। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखी गोदरेज अलमारी का लॉक तोड़ उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर ली। इसके बाद बदमाश शेख मोहल्ले पहुंचे, जहां फारुख शेख के मकान में घुसकर नकदी चोरी कर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी लगते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र चीताखेड़ा चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह सिसौदिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। रिपोर्ट : दशरथ माली |