रतलाम / सैलाना
नगर की हृदयस्थली माने जाने वाला सदर बाजार इन दिनों भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से लेकर गणेश मंदिर तक का पूरा मार्ग रोजाना घंटों तक जाम की गिरफ्त में रहता है। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें अब आम दृश्य बन चुकी हैं, जिससे आमजन का निकलना तक मुश्किल हो गया है।
स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब एक साथ स्कूल बसें, ऑटो, चारपहिया और दोपहिया वाहन संकरी सड़क पर फंस जाते हैं। जाम में फंसे स्कूली बच्चे तेज गर्मी में परेशान होते नजर आते हैं, वहीं राहगीरों और व्यापारियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार एम्बुलेंस जैसे जरूरी वाहन भी इस जाम में अटक जाते हैं, जो बड़े खतरे का संकेत है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद मौके पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए कोई प्रभावी इंतजाम नजर नहीं आता। न तो ट्रैफिक पुलिस की नियमित मौजूदगी दिखती है और न ही अव्यवस्थित पार्किंग पर कोई सख्त कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? आखिर भारी वाहनों और स्कूल बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग या समय तय क्यों नहीं किया जा रहा?
यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो सदर बाजार का यह ट्रैफिक जाम किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
रिपोर्टर: जितेंद्र कुमावत