|
|
भोपाल में हाल ही में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में करीब 17 लाख रुपये कीमत का सोने का कड़ा, वारदात में प्रयुक्त कार, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब फरियादी डॉ. मनोज वर्मा रोज की तरह बोट क्लब क्षेत्र से साइकिलिंग करते हुए घर लौट रहे थे। तभी किलोल पार्क के पास आरोपियों ने पहले मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर उन्हें गिराया और फिर उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर हाथ में पहना सोने का कड़ा, घड़ी और नकदी लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने करीब 10 टीमों का गठन किया और लगभग 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। गिरफ्तार आरोपियों में आलिया खान, अरशान, अदनान खान और मोहम्मद मुदस्सिर कुरैशी शामिल हैं जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मुख्य साजिशकर्ता आलिया खान है, जो फरियादी को पहले से जानती थी। दोनों के बीच पुराने विवाद के चलते उसने आरोपियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। उसने आरोपियों को फरियादी की दिनचर्या, आने-जाने का समय और रास्ते की पूरी जानकारी दी तथा सोने का कड़ा लूटने के लिए उकसाया फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं तथा अपराध में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। रिपोर्ट : मुकेश पाटीदार |