मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपलियामंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए एक युवक को 1 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के कब्जे से एक कीपैड मोबाइल भी बरामद किया गया है।
मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई का जिला स्तरीय पर्यवेक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल द्वारा किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मल्हारगढ़ पिन्टु कुमार बघेल के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पिपलियामंडी पुलिस टीम 5 सितंबर को देहात भ्रमण पर थी। इसी दौरान नगर परिषद पिपलियामंडी सम्पवेल के पास आम रोड पर ओवरब्रिज की तरफ से एक युवक पीठ पर काले रंग का पिठ्ठू बैग लटकाए आता दिखाई दिया।
पुलिस वाहन को देखते ही युवक अचानक वापस मुड़ा और हाईवे रोड स्थित ओवरब्रिज की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान करण पिता कान्तीलाल भील 23 वर्ष निवासी धामेड़ी, थाना पिपलौदा, जिला रतलाम के रूप में हुई।
पुलिस ने युवक के बैग की तलाशी ली तो उसमें 1 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसके अलावा उसके कब्जे से एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 264/2026, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह अफीम कहां से लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाने वाला था। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने एवं पिपलियामंडी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।