|
रियल केस पर आधारित सागवान फिल्म, अंधविश्वास की काली सच्चाई दिखाएगी बड़े पर्दे पर 21वीं सदी में भी अंधविश्वास के नाम पर अपराध, इंसपेक्टर हिमांशु राजावत की सागवान करेगी पर्दाफाश नीमच। राजस्थान पुलिस के इंसपेक्टर हिमांशु सिंह राजावत ने अपने सेवाकाल के दौरान प्रतापगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में अंधविश्वास से जुड़े कई गंभीर और जघन्य अपराधों की गहन जांच की है। उन्होंने करीब से देखा कि किस तरह तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर निर्दोषों की जान ले ली जाती है। आज भी 21वीं सदी में समाज अंधविश्वास की जंजीरों में जकड़ा हुआ है। इसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रोमांच, सस्पेंस और मारधाड़ से भरपूर फिल्म सागवान का निर्माण किया गया है, जो 16 जनवरी 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म निर्माता एवं इंसपेक्टर हिमांशु राजावत मंगलवार को मध्यप्रदेश के नीमच स्थित लायंस डेन पर स्वर्गीय कश्मीरीलालजी अरोरा की स्मृति में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर द्वारा उनका स्वागत किया गया। उन्होंने प्रदेशभर से आए बैडमिंटन खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इंसपेक्टर हिमांशु राजावत ने बताया कि वे राजस्थान कैडर के आईपीएस अधिकारी दिनेश एमएन के साथ एक चर्चित प्रकरण में करीब सात वर्षों तक गुजरात की साबरमती जेल में रहे हैं। वे आईपीएस दिनेश एमएन को अपना आदर्श मानते हैं और उन्हें रियल सिंघम के रूप में देखते हैं। इसी प्रेरणा से उन्होंने सागवान फिल्म के माध्यम से अंधविश्वास के नाम पर देश में हो रहे अपराधों पर कड़ा प्रहार करने का प्रयास किया है। सागवान फिल्म की कहानी जमीनी सच्चाई पर आधारित फिल्म सागवान वर्ष 2019 में राजस्थान के सागवान जंगलों में घटित एक रोंगटे खड़े कर देने वाली दर्दनाक सच्ची घटना पर आधारित है, जिसमें अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर मासूम बच्चियों को शिकार बनाया गया था। इस घटना की जांच खुद इंसपेक्टर हिमांशु सिंह राजावत ने की थी। फिल्म के प्रचार के दौरान नीमच पहुंचे लेखक, निर्देशक और मुख्य अभिनेता हिमांशु सिंह राजावत ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि यह फिल्म किसी काल्पनिक कहानी पर नहीं, बल्कि वास्तविक जांच और अनुभवों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि अक्सर फिल्मों में पुलिस की कार्यप्रणाली को वास्तविकता से दूर और ग्लैमरस रूप में दिखाया जाता है, लेकिन इस फिल्म में पुलिस का असली चेहरा, विभागीय संघर्ष और एक जटिल तफ्तीश की बारीकियां देखने को मिलेंगी। फिल्म की शूटिंग पूरी तरह दक्षिण राजस्थान और मालवा अंचल के सागवान जंगलों सहित वास्तविक लोकेशनों पर की गई है, ताकि कहानी का प्रभाव कम न हो। इस फिल्म में सयाजी शिंदे, मिलिंद गुणाजी और एहसान खान जैसे प्रसिद्ध कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। सांवलिया एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह पूरी तरह पारिवारिक और साफ-सुथरी फिल्म है, जो यह सोचने पर मजबूर करती है कि आधुनिक युग में भी अंधविश्वास किस कदर मासूमों की जान का दुश्मन बना हुआ है। अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें फिल्म निर्माता भूपेंद्र सिंह मोबाइल नंबर 9982666810 |