|
|
नीमच । अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने की। शिविर में आमजन ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें एसपी के समक्ष प्रस्तुत कीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों के माध्यम से उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 15 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। वहीं जनसुनवाई में पहुंचे लगभग 64 फरियादियों एवं आवेदकों की शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामलों तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित प्रकरणों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा थाना स्तर पर नियमित जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा शाबेरा मंसूरी, महिला थाना प्रभारी कारूलाल जाट, अजाक थाना प्रभारी शब्बी मेव सहित संबंधित शाखाओं के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे। |