उज्जैन
उज्जैन आगामी सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम का फायर विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। मंगलवार को यांत्रिकी विभाग के प्रभारी श्री जितेंद्र कुवाल ने फायर ब्रिगेड कार्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया और विभागीय कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फायर विभाग की तैयारियों, संसाधनों और कर्मचारियों की उपलब्धता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
श्री कुवाल ने फायर वाहनों की स्थिति और उनके नियमित मेंटेनेंस की जानकारी लेते हुए यह जाना कि वर्तमान में कितने वाहन संचालित हैं तथा उनकी कार्यक्षमता कैसी है। इसके साथ ही उन्होंने विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की संख्या, उनकी शिफ्ट व्यवस्था, ड्यूटी समय तथा उपलब्ध मानव संसाधन की समीक्षा की। शव वाहनों पर तैनात कर्मचारियों एवं वाहनों की संख्या की जानकारी भी ली गई।
निरीक्षण के दौरान फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) से जुड़े लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों एवं संस्थानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्री जितेंद्र कुवाल ने कहा कि आगामी सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए फायर विभाग को और अधिक सशक्त एवं आधुनिक बनाने की आवश्यकता है। इसके लिए नए अत्याधुनिक फायर वाहनों की खरीद, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता तथा कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक समग्र योजना तैयार की जाए, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
नगर निगम द्वारा किए जा रहे इस निरीक्षण और समीक्षा को सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में फायर विभाग को आधुनिक संसाधनों से लैस कर शहर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत