रतलाम
जिला शिक्षा केंद्र रतलाम को लंबे समय बाद स्थायी नेतृत्व मिलने से शिक्षा जगत में उत्साह और नई उम्मीदों का वातावरण निर्मित हुआ है। सोमवार को नवनियुक्त जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) अखिलेश राजपूत ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। उनके कार्यभार संभालते ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षक संगठनों तथा शिक्षा से जुड़े विभिन्न वर्गों में नई ऊर्जा और सकारात्मक संदेश का संचार देखने को मिला।
पदभार ग्रहण के अवसर पर बधाई एवं स्वागत का सिलसिला लगातार जारी रहा। इसी क्रम में सहायक परियोजना समन्वयक (एपीसी) राजेश झा का भी डीपीसी अखिलेश राजपूत के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर जिला स्काउट एवं गाइड रतलाम की जिला प्रशिक्षण आयुक्त (डीटीसी) प्रीती गोठवाल, शासकीय नवउन्नत माध्यमिक विद्यालय रतलाम की प्रधान अध्यापिका मलका खान तथा शिक्षक शक्ति सिंह सोलंकी ने नवनियुक्त जिला परियोजना समन्वयक अखिलेश राजपूत एवं एपीसी राजेश झा का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा उनके सफल एवं जनहितैषी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
उपस्थित शिक्षकों ने विश्वास व्यक्त किया कि अखिलेश राजपूत और राजेश झा के अनुभव, दूरदृष्टि एवं समन्वयात्मक कार्यशैली से जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शिक्षकों के मार्गदर्शन और शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को भी मजबूती मिलेगी।
जिला शिक्षा केंद्र में लंबे समय बाद मिले स्थायी नेतृत्व को शिक्षा जगत के लिए एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। शिक्षकों और कर्मचारियों का मानना है कि यह नई टीम रतलाम जिले की शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, परिणामोन्मुखी एवं उत्कृष्ट बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत