|
जरूरतमंद व गरीब बच्चों के बीच जन्मदिन मनाना सराहनीय है : माली भीलवाड़ा । जिला यूनेस्को एसोसिएशन के तत्वावधान में आज एक प्रेरणादायक और खूबसूरत दृश्य सामने आया, जब एक परिवार ने पोती के जन्म का जश्न अनोखे तरीके से मनाया। जिला यूनेस्को एसोसिएशन की सदस्य उषा अग्रवाल की पोती सुश्री तश्वी के जन्मदिन के अवसर पर परिवार ने कुवाडा रोड़ स्थित कच्ची बस्ती घूंमतु विद्यालय में सभी बच्चों को भोजन पैकेट व केक तथा मीठाई वितरण करने के साथ ही अपनी पोती के जन्मदिन का केक बच्चों के साथ काटकर मनाया। इस अनोखी पहल से पूरी कच्ची बस्ती इलाके में खुशी की लहर छा गई। जिला यूनेस्को एसोसिएशन की प्रवक्ता मधु लोढा ने बताया कि स्टेट फैडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली व कार्यक्रम में शामिल यूनेस्को के सदस्यों ने इस पहल की जमकर सराहना की और कहा कि ऐसे कदम समाज को एक नई दिशा देते हैं। जिला यूनेस्को एसोसिएशन पहले भी इस तरह के आयोजन करते आ रहे है। यूनेस्को एसोसिएशन हमेशा ही सामाजिक सरोकार में सबसे अग्रणी संस्था रही है। इस अवसर पर यूनेस्को एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश कुमार जैन, नमिता डांगी, श्रीमती राधा अग्रवाल, उषा अग्रवाल, मदन गोपाल कालरा, सुभाष सुदानी, सुरेन्द्र जैन व स्कूल संचालक रतन कालबेलिया सहित यूनेस्को के कई सदस्यगण व कॉलोनीवासी उपस्थित थे। रिपोर्ट : राजकुमार गोयल |